सहसवान थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक : ईद के त्यौहार को आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्वक मनाएं।
ब्यूरो रिपोर्ट तबरेज़ खान
बदायूं:-सहसवान कोतवाली में आगामी ईद के त्यौहार व परशुराम जयंती को सकुशल संपन्न कराने को लेकर बुधवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में व उप जिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ।जिसमें क्षेत्र के ग्राम प्रधानों व सम्मानित लोगों ने हिस्सा लिया।
● भाईचारे के साथ मनाए त्यौहार
पीस कमेटी की बैठक में अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने कहा कि आगामी त्यौहार ईद-उल-फितर और परशुराम जयंती को हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्वक मनाएं। प्रयास हो कि आपस में कोई भी छोटी बड़ी समस्या हो, तो उसे थाने के बाहर ही आपसी समझौते के साथ निपटारा कराएं। छोटी मोटी घटनाओं को तूल न दें। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। ईद के मौके पर किसी तरह का जुलूस एवं हुड़दंग ना करें त्यौहार सभी मिलजुल कर शांति व सौहार्द पूर्वक मनाए दोनों समुदाय के लोग गंगा जमुनी तहजीब को ध्यान में रखते हुए आपस में मिलजुल कर शांति व्यवस्था के साथ त्यौहार को मनाएं। किसी भी तरह की कोई भी नई परंपरा नहीं डालें। उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने नगरपालिका ईओ को निर्देश दिए की धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। किसी भी धार्मिक स्थल के आस पास गंदगी नहीं होनी चाहिए।पीस कमेटी की बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह ने कहा कि इसी बीच ईद और परशुराम जयंती के अलावा निकाय चुनाव भी है। पुलिस हर तरह से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अड़चन बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से शान्ति व्यवस्था बनाए रखने व अंतिम जुमा की नमाज को सौहार्द के साथ मनाने को कहा। साथ ही दोनों समुदायों के लोगों से दिक्कतें व शिकायतों के बारे जानकारी प्राप्त की और हर संभव निस्तारण का भरोसा दिलाया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह ने कहा कि आगामी 22 अप्रैल को ईद-उल-फितर और परशुराम जयंती है। जिन्हें हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्वक त्यौहार मनाएं। साथ ही शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करते हुए नगर निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने की अपील की। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता अवढर शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि ईद का त्यौहार शांति सौहार्द के साथ मनाएं। इस मौके पर मस्जिद के इमाम, धर्मगुरु व ग्राम प्रधान सहित नगर के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।
