एक साल से नहीं बांटा दूध, प्रधानाचार्य का जवाब तलब,
बदायूं ब्यूरो तबरेज़ खान
बदायूं:-बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने दातागंज ब्लॉक के संविलियन विद्यालय अंधरऊ का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनुपस्थित अनुदेशक और 583 में से केवल 307 बच्चे मिले। बच्चों ने बताया कि एक साल से दूध नहीं मिला है।बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने दातागंज ब्लॉक के संविलियन विद्यालय अंधरऊ का औचक निरीक्षण किया। बीएसए के लिए निरीक्षण में अनुदेशक पुष्पेंद्र कुमार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के समय विद्यालय में कुल नामांकित 583 के सापेक्ष 307 बच्चे मिले। शुक्रवार को बीएसए ने मध्यान्ह भोजन के तहत दूध के वितरण के संबंध में बच्चों से पूछा तो बच्चों ने बताया कि एक साल से दूध नहीं मिला है। विद्यालय में प्राप्त कंपोजिट ग्रांट 75 हजार धनराशि के व्यय संबंधी अभिलेख-स्टॉक रजिस्टर, बिल वाउचर एवं कैशबुक नहीं पायी गयी और न ही कंपोजिट ग्रांट के माध्यम से विद्यालय में कोई कार्य कराया मिला। विद्यालय की रंगाई-पुताई का स्तर बहुत ही खराब पाया गया। विद्यालय में साफ-सफाई का अभाव था। वर्ष 2023-24 में विद्यालय में स्वीकृत निर्माण कार्य तीन अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण की चिनाई एवं प्लास्टर में पूणतः बालू का प्रयोग किया गया है। प्लास्तर झड़ रहा था। बीएसए ने बताया कि निर्मित अतिरिक्त कक्षा-कक्ष परियोजना द्वारा निर्धारित ड्राईंग/मानक के अनुसार नहीं बनाया गया है। प्रधानाध्यापक से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

