जिलाधिकारी ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में की स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा।


 *जिलाधिकारी ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में की स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा।*

*आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में शिथिलता बरतने पर होगी कड़ी कार्यवाही- जिलाधिकारी*

*खराब कार्य करने वालों का रोका जायेगा वेतन।*

(सरवर हुसैन प्रधान संपादक, अमीर खुसरो टाइम्स)

कासगंज: जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों में मण्डल और प्रदेश की रैंकिंग में जिले की पोजीशन सुधारें। सभी कार्यक्रमों में पोर्टल पर डाटा फीडिंग का कार्य शतप्रतिशत किया जाये।  

         जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड बनाने की कम प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि सभी एमओआईसी अपने अपने क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लायें। कोटेदारों से समन्वय बनाकर पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनवाये जायें। हर ब्लाक को लक्ष्य दिया जाये। इस कार्य में लगे हुये समस्त अधिकारी, कर्मचारियों को लक्ष्य आवंटित कर कार्य करायें। घर घर जाकर कार्ड बनाये जाने हैं। स्वास्थ्य विभाग स्वयं अपने स्टाफ की जिम्मेदारी तय करें। कार्य में ढिलाई बरतने पर सम्बंधितों का एक दिन का वेतन काट दिया जायेगा। सभी पंचायत सहायक आयुष्मान कार्ड बनवाने में पूर्ण सहयोग करें। बताया गया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये 70 बायोमेट्रिक मशीनें क्रय कर हर ब्लाक को 10-10 मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं।

        जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुये कहा कि लाभार्थियों एवं आशा कार्यकत्रियों के मानेदय का भुगतान समय से किया जाये। बच्चों का नियमित टीकाकरण समय से कराया जाये। किसी भी दशा में बच्चे टीकाकरण से नहीं छूटना चाहिये। ब्लाक सोरों में नियमित टीकाकरण से बच्चों के छूट जाने तथा ब्लाक सहावर में कम बच्चों का वैक्सीनेशन होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि एमओआईसी स्वयं चैक करें कि आशायें सही ढंग से कार्य कर रही हैं या नहीं। संस्थागत प्रसव को बढ़ायें। शिशु और मातृ मृत्यु दर में कमी लायें। कम वजन के बच्चों का चिन्हांकन कर समय से उनको समुचित उपचार उपलब्ध करायें।

        बैठक में बताया गया कि जिला अस्पताल में संचालित एनआरसी में रैफर 99 बच्चों को उपचार दिया गया। यूनीसेफ प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों का टीकाकरण कराने के लिये अभिभावकों को जागरूक किया गया है।          

        बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन, सीएमओ डा0 राजीव अग्रवाल, सीएमएस, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बीएसए, डीपीआरओ सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी एवं समस्त एमओआईसी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post