पति सहित पांच के खिलाफ गंभीर धाराओं हुआ मुकदमा दर्ज पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा

पति सहित पांच के खिलाफ गंभीर धाराओं हुआ मुकदमा दर्ज पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा 
जिला ब्यूरो तबरेज़ खान
 

सहसवान: संतान न होने के चलते पत्नी से होने वाले विवाद के कारण उसे गोली मार कर घायल करने के आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में पीड़ित की मां ने उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज की मांग व संतान न होने के चलते उत्पीड़न और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर, घायल महिला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका अलीगढ़ में उपचार चल रहा है। बता दें कि शनिवार सुबह करीब छह बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव जौनेरा निवासी राशिद ने अपनी पत्नी शबीना को तीन गोलियां मारी थीं। जबड़ा, पीठ और हाथ में गोली लगने से शबीना घायल हो गई थी। इसे सहसवान सीएचसी लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां से भी देर रात हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए। इस मामले में शनिवार देर शाम पीड़ित की मां की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई। प्राथमिकी में नगर के मुहल्ला चौधरी निवासी पीड़ित की मां रिहाना का कहना है कि उसने अपनी पुत्री शबीना की शादी करीब साढ़े छह साल पहले गांव जौनेरा निवासी राशिद पुत्र कल्लन के साथ की थी। शादी में उन्होंने करीब पांच लाख रुपए खर्च किए थे। ससुराल वाले शादी में दिए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। चार पहिया गाड़ी की मांग और फिर संतान न होने के ताने देते हुए उसका शारीरिक और मानसिक रूप से उत्पीड़न करने लगे। आरोपितों ने इसी के चलते एक बार शबीना को मारपीट कर घर से भी निकाल दिया था। तीन महीने पहले राशिद ने गांव धुबिया निवासी शहनाज़ से दूसरी शादी कर ली। एक जून की सुबह आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से शबीना को गोलियां मार कर घायल कर दिया। पीड़ित की मां ने राशिद, हुस्न बानो निवासी जौनेरा, इकबाल निवासी गांव बाजपुर, तसब्बर निवासी गांव नदायल और शहनाज़ निवासी गांव धुबिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर, पुलिस ने आरोपित राशिद को तमंचा समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाल सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपित राशिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post